सिवनी: जिले में जबलपुर- नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। कुरई थाना क्षेत्र के पचधार हाईवे के पास मजदूरों को केरल ले जा रहा एक ओवरलोड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मंडला और डिंडोरी जिलों से मजदूर एक ‘तूफान’ वाहन में सवार होकर रोजगार के लिए केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक कुल 29 लोग मौजूद थे, जिनमें 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल थे।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। वाहन दूसरी लेन में जाकर सीधे सड़क किनारे बने मकान में घुस गया, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
राहत की बात यह रही कि घर के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस, एफआरवी-06 खवासा टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।करीब 10 से 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को नागपुर रेफर किया गया है।बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जिला अस्पताल में भर्ती दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
