रायसेन:रायसेन जिले में पुलिस ने 24 लाख रुपये की चोरी गई संपत्ति का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई कर चोरी गए ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों को बरामद किया। इस मामले का खुलासा रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
कैसे हुआ खुलासा
11 मार्च 2025 को रायसेन जिले के फरियादी मोहम्मद जफर खान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत में खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया। ट्रैक्टर की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस। गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णपाल राजपूत (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने साथी इल्ताफ सिंह और मोहर सिंह के साथ मिलकर न केवल यह ट्रैक्टर, बल्कि 2 अन्य ट्रैक्टर और 3 मोटरसाइकिलें भी चोरी की थीं। कुल मिलाकर आरोपियों ने 24 लाख रुपये की संपत्ति चुराई थी।
