जबलपुर: शहर के देवतुल्य नागरिकों को दैनिक आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूर्णत: प्रतिबद्ध है। गुणवत्ता नियंत्रण और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक महानगर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह बातें महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने 4 घंटे की मैराथन समीक्षा बैठक में कहीं। उन्होंने कहा किनागरिकों को सुगम आवागमन, सुरक्षित सडक़ों और हरित-सुंदर वातावरण देने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर कार्ययोजना लागू कर दी है। जनसुविधाओं, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और सिटी ब्यूटिफिकेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।महापौर अन्नू ने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सभी प्रमुख एवं आंतरिक सडक़ों को आगामी 48 घंटे के भीतर चलने योग्य बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
महापौर ने पार्षदों और नगर निगम अध्यक्ष अनुशंसा से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि 11 लाख पौधारोपण महाअभियान प्रगति पर है, अभी तक 2.54 लाख पौधे लगाये जा चुके हैं, डुमना नेचर पार्क, कठौंदा क्षेत्र तथा शहर के सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से सघन वृक्षारोपण जारी है। महापौर ने बताया कि शहर के 12 प्रमुख और व्यस्त चैराहों पर आधुनिक व आकर्षक फव्वारे स्थापित किए जा रहे हैं।
प्रवेश द्वारों का कराया जा रहा सौंदर्यीकरण
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि धार्मिक और आवासीय दृष्टि से महत्वपूर्ण गौरीघाट, रांझी एवं सभी क्षतिग्रस्त सडक़ों का वर्षा ऋतु समाप्त होते ही 7 दिनों के भीतर उच्च गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण शहर की सीमाओं से जुडऩे वाले सभी मुख्य प्रवेश द्वारों पर आकर्षक साज-सज्जा और भव्य लैंडस्केपिंग, उद्यानों का विकास सभी वार्डों में स्थित पार्कों व उद्यानों का उन्नयन, पाथवे निर्माण और प्रकाश व्यवस्था का नवीनीकरण कराया जा रहा है।
