
जबलपुर। ओएफके के पास ठंड के समय तेंदुओं की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। तेंदुआ का खौफ स्थानीय लोगों में इस कदर व्याप्त हो चुका है कि वो शाम ढलते ही अपने-अपने घरों में कैद हो रहे हैं। सोमवार को तो ओएफके वेस्टलैंड क्वार्टर निवासी राजू मीणा के घर की दीवार फांदकर तेंदुआ घुसा और परिसर में विचरण करते घर में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया। सोमवार सुबह करीब 9 बजे राजू मीणा ने घर का रूटीन की तरह सीसी कैमरे के फुटेज चैक किए तो उसने देखा कि उसके घर के अंदर आँगन में तेंदुआ घूम रहा था।
सोमवार को ये खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और फिर वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थानीयजनों से सतर्क रहने कहा और आश्वासन दिया कि तेंदुआ को पकड़कर दूर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार राजू मीणा सहित क्वार्टर में रहने वाले अन्य लोगों ने आयुध निर्माणी प्रबंधन को पत्र लिखकर मांग की है कि तेंदुआ से उनकी जान बचाई जाए क्योंकि तेंदुआ अब सरकारी क्वार्टर में घुसने लगा है। सामने आए सीसी कैमरे के फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि तेंदुआ सरकारी क्वार्टर के आँगन में प्रवेश कर चुका है और इधर-उधर शिकार की तलाश में घूम रहा है। गनीमत रही कि जिस वक्त तेंदुआ राजू के घर में घूम रहा था उस वक्त उसके घर के सदस्य बाहर नहीं बल्कि अंदर ही थे नहीं तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
