
जबलपुर। रामपुर में आंधी के दौरान पेड़ की एक भारी टहनी सिर पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रामपुर गोरखपुर निवासी कमला बाई (57) पर कल शाम लगभग 4:50 बजे अचानक एक पेड़ की टहनी गिर गई। टहनी सीधे उनके सिर पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल महिला की बेटी आशा ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। रात करीब 11:20 बजे उपचार के दौरान कमला बाई की मौत हो गई। शनिवार को हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।
