इंदौर. एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच उस व्यक्ति तक पहुंच गई, जहां से उन्हें नशीला पदार्थ मिला था. पुलिस ने बैकवर्ड ट्रैकिंग करते हुए चंदननगर निवासी मोहम्मद साजिद उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उससे ड्रग्स की सप्लाई लेने वाले अन्य लोगों और आगे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
दरअसल, 17 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने एमआर-4 रोड पर इंदौर स्टील कंपनी के सामने चेकिंग के दौरान महिंद्रा इलेक्टि्रक ऑटो सवार शादाब खान और साहिद अली शाह को पकड़ा था. तलाशी में उनके पास से 14.9 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी. ड्रग्स की कीमत करीब 1.40 लाख रुपए और ऑटो की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए आंकी गई थी. दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को ड्रग्स मिलने के स्रोत के बारे में जानकारी दी. इसके बाद तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के आधार पर क्राइम ब्रांच ने चंदननगर निवासी साजिद को भी गिरफ्तार कर लिया.
डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि एमडी ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है. अब उससे ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत, उससे जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर इसमें शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
साजिद पर पहले से भी दर्ज हैं एनडीपीएस सहित अन्य मामले
पुलिस के मुताबिक, साजिद आठवीं तक पढ़ा है और मकान मिस्त्री का काम करता है. उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. चंदननगर थाने में उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. वर्ष 2019 और 2022 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज हुए थे. इसके अलावा 2016, 2021, 2022, 2023 और 2024 में अलग-अलग अपराध दर्ज होना सामने आया है. क्राइम ब्रांच अब यह पता लगा रही है कि साजिद को एमडी कहां से मिलती थी और वह किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था. पुलिस उसके संपर्क में रहे खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है.
