जीएसटी सुधारों से वाहन उद्योग में आयेगी तेजी : सियाम

नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में अगली पीढ़ी के सुधारों का वाहन उद्योग ने स्वागत करते हुये गुरुवार को कहा कि इस कदम से वाहन कारोबार को नयी गति मिलेगी।
जीएसटी काउंसिल द्वारा बुधवार को मंजूर प्रस्तावों में वाहनों पर करों में भारी कटौती की गयी है। छोटी कारों और 350 सीसी तक के दोपहिया वाहनों पर अब 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। बसों और एंबुलेंस वाहन को भी 18 प्रतिशत के स्लैब में रखा गया है। हालांकि लग्जरी यात्री वाहनों पर 40 प्रतिशत की दर से कर लगाया जायेगा।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल देर रात की गयी जीएसटी घोषणाओं का स्वागत करते हुए घरेलू वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, “ऑटोमोबाइल उद्योग, विशेष रूप से इस त्योहारी मौसम में, वाहनों पर पुरानी 28 से 31 प्रतिशत जीएसटी दर को घटाकर 18 प्रतिशत करने और 43 से 50 प्रतिशत की पूर्व दरों को घटाकर 40 प्रतिशत पर लाने के सरकार के फैसले का स्वागत करता है। यह समय पर लिया गया कदम उपभोक्ताओं के लिए एक नया उत्साह लेकर आयेगा और भारतीय वाहन उद्योग में नयी गति लायेगा।”
उन्होंने कहा कि वाहन खरीद को और अधिक किफायती बनाने की घोषणाओं से, विशेष रूप से छोटे वाहनों के वर्ग में, पहली बार खरीदने वालों और मध्यम-आय वाले परिवारों को काफी लाभ प्रदान करेगा, जिससे व्यक्तिगत मोबिलिटी तक व्यापक पहुंच संभव होगी। श्री चंद्रा ने इलेक्ट्रिक वाहनों पर पांच प्रतिशत की कम जीएसटी दर जारी रखने के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया और कहा कि इससे हरित मोबिलिटी की दिशा में चल रही गति को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
सियाम का कहना है कि वाहनों के वर्गीकरण संबंधी व्याख्याओं से समाधान और ढांचागत सुधार से वाहन उद्योग में व्यावसायिक प्रक्रियाएं काफी सुव्यवस्थित होंगी, जिससे कारोबार करने में आसानी होगी।
श्री चंद्रा ने विश्वास जताया कि सरकार जल्द ही बिना बिके वाहनों पर लगने वाले क्षतिपूर्ति उपकर के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त तंत्र भी अधिसूचित करेगी जिससे सुचारू और प्रभावी बदलाव सुनिश्चित होगा।
उल्लेखनीय है कि सुश्री सीतारमण ने जीएसटी परिषद की मैराथन बैठक के बाद बुधवार देर रात कर की दरों वाले स्लैब में बदलावों की जानकारी दी थी। ये बदलाव 22 सितंबर से प्रभावी होंगे।
इससे पहले, 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में इस साल दीपावली पर जीएसटी सुधार का तोहफा लोगों को देने की घोषणा की थी।

Next Post

इगा स्वियाटेक काे हराकर अमांडा अनिसिमोवा यूएस ओपन के सेमीफाइनल में

Thu Sep 4 , 2025
न्यूयॉर्क, 04 सितंबर (वार्ता) अमांडा अनिसिमोवा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे हुए विंबलडन चैंपियन इगा स्वियाटेक को हराकर यूएस ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। आर्थर ऐश स्टेडियम में बुधवार रात खेले गये क्वार्टर फाइनल में अमांडा अनिसिमोव ने बड़ा उलटफेर करते हुए एक घंटा 38 […]

You May Like