न्यूयॉर्क, 04 सितंबर (वार्ता) अमांडा अनिसिमोवा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे हुए विंबलडन चैंपियन इगा स्वियाटेक को हराकर यूएस ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
आर्थर ऐश स्टेडियम में बुधवार रात खेले गये क्वार्टर फाइनल में अमांडा अनिसिमोव ने बड़ा उलटफेर करते हुए एक घंटा 38 मिनट तक चले मुकाबले में पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियाटेक को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही अनिसिमोवा 53 दिन पहले विंबलडन फाइनल में मिली शर्मनाक हार का बदला भी ले लिया।
अनिसिमोवा पहली बार यूएस ओपन सेमीफाइनल में पहुंची है जहां उनका सामना जापान की नाओमी ओसाका से होगा।
मैच के बाद अनिसिमोवा ने कहा, “मैं सचमुच जरा भी डर के साथ मैदान पर नहीं उतरी थी। मैंने खुद को, और शायद दूसरों को भी, साबित कर दिया कि सकारात्मक सोच और जुझारूपन से अच्छे नतीजे जरूर मिलेंगे।”
स्वियातेक ने कहा, “मेरे लिए यह वास्तव में मायने नहीं रखता। सब जानते हैं कि अमांडा कैसे खेल सकती है। उसे वहां संघर्ष करना पड़ा, लेकिन आज वह अधिक तेज थी। मेरी सर्विस ने मुझे निराश किया।”

