.
सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम दुआरी में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये से अधिक की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि अब तक की यह सबसे बड़ी चोरी की घटना है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दुआरी निवासी तारकेश्वर शुक्ला के घर में देर रात करीब 12 बजे के बाद चोर घुस आए और उस समय घर के सदस्य भीतर ही मौजूद थे, लेकिन बदमाश इतनी सफाई और शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम देकर निकल गए कि किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के लोग जागे और घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों के मुताबिक चोर तीन सोने के हार, दो चैन, सात अंगूठियां, झुमके समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये से अधिक की नकदी ले उड़े। चोरी गए गहनों में केवल परिवार की महिलाओं के ही नहीं, बल्कि बहू और विवाहित बेटियों के वर्षों की जमा पूंजी भी शामिल थी। बेटियों के विवाह के बाद सुरक्षित रखे गए जेवरात चोरी हो जाने से परिवार सदमे में है। पीड़ित शुक्ला परिवार इस घटना से बेहद दुखी है।
दूसरे घर को निशाना बना रहे थे चोर
उधर आमजनों के बीच चर्चा रही कि घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसी रात गांव के एक अन्य निवासी सुभाष चंद्र शुक्ला के घर को भी निशाना बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि वहां चोर सफल नहीं हो सके, लेकिन एक ही रात में दो घरों पर हाथ डालने की कोशिश ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इधर सूचना मिलते ही जियावन थाना और कुंदवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सिंगरौली फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करने की मांग की है।
इनका कहना:-
दुआरी सरौंधा गांव में बीती रात हुई चोरी की घटना जानकारी मिलते ही एफएसएल के साथ डॉग स्क्वॉड एवं पुलिस टीम पहुंची है। जांच पड़ताल की जा रही है।
गायत्री तिवारी
एसडीओपी, देवसर
