
बरगवां । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिंडालको महान परिसर में उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हिंडालको महान के अधिकारियों, कर्मचारियों, आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में इकाई प्रमुख लिनु पंचमन, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह, सीटीएस प्रमुख राकेश यादव, देबाशीष मित्रा, पवन शुक्ला, धर्मेंद्र, एबीपीएस की प्रधानाचार्या प्रतिति दास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। योग प्रशिक्षिका प्रभा वैश्य ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तनावमुक्त, संतुलित एवं स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। वहीं इस अवसर पर इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन जीने की दिशा दिखाई है।
