
गुना। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चक चुरेला गांव में बीती 3 अगस्त को हुई बड़ी चोरी की वारदात के बाद प्रशासन ने आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कनेरा गांव में आरोपियों के अवैध मकानों और जमीनों को चिन्हित कर उन पर बुलडोजर चला दिया गया है।
बता दें कि 3 अगस्त की रात को चक चुरेला निवासी बाबूलाल मीणा के घर अज्ञात बदमाशों ने दूसरी मंजिल से लगभग ढाई कुंतल वजनी तिजोरी पार कर दी थी। इस तिजोरी में ढाई किलो सोना, 4 किलो चांदी और 12 लाख रुपये नकद मौजूद थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मामले के खुलासे में जुटा हुआ है। कार्रवाई के तहत एसडीएम शिवानी पांडे, तहसीलदार जयप्रकाश गौतम और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल भारी पुलिस बल के साथ ग्राम कनेरा गांव पहुंचे। दरअसल, पुलिस की पड़ताल में सामने आया था कि कनेरा में पारदी समुदाय के कुछ बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपियों के अवैध निर्माणों का सीमांकन कर उन्हें चिन्हित किया गया। वहीं बुधवार दोपहर बाद प्रशासन एक जेसीबी मशीन लेकर आरोपियों के मकानों को ध्वस्त करने के लिए मौके पर पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।
