
इंदौर. स्कीम नंबर 140 स्थित वृंदावन गार्डन में मंगलवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के घर पहुंची. अधिकारी सीधे दस्तावेजों की पड़ताल में जुट गए और करीब पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान नकदी, बैंक रिकॉर्ड, पासपोर्ट, सरकारी दस्तावेज और करोड़ों की संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए. शुरुआती जांच में गोरखे और उनकी पत्नी के नाम वैध आय से 108 प्रतिशत अधिक चल अचल संपत्ति मिलने के बाद अब ईओडब्ल्यू संपत्ति के स्रोत, सरकारी दवाओं के स्टॉक में कथित गड़बड़ी और अन्य वित्तीय लेन देन की कड़ियां खंगाल रही है.
सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर एक बजे तक चली. इस दौरान ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने घर में मौजूद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की. तलाशी में करीब 1.51 लाख रुपए नकद, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए. कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम सभी दस्तावेज अपने साथ ले गई. जांच में सामने आया कि राकेश गोरखे वर्ष 2007 में फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्त हुए थे. वर्ष 2015 में उनका मासिक वेतन 18,711 रुपए था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 54,664 रुपए हो गया. उनकी पत्नी कीर्ति गोरखे वर्ष 2010 से शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन हैं और वर्तमान में 42,402 रुपए प्रतिमाह वेतन प्राप्त कर रही हैं. ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार जांच अवधि (चेक पीरियड) में दंपती की कुल वैध आय 1 करोड़ 11 लाख 31 हजार 383 रुपए रही, जबकि उनके पास 2 करोड़ 13 लाख 85 हजार रुपए से अधिक की चल अचल संपत्ति मिली. यह उनकी घोषित आय से करीब 108 प्रतिशत अधिक है.
शहर में छह संपत्तियों का खुलासा…
जांच में स्कीम नंबर 140 स्थित वृंदावन गार्डन का दो मंजिला मकान, साकार एनआरआई सिटी का बड़ा प्लॉट, साहिल इंद्रांचल होम्स, संघवी रेजीडेंसी और सद्गुरु नंदी विहार में प्लॉट सहित कुल छह संपत्तियों का पता चला है. इसके अलावा ओमेक्स डेवलपर्स में प्लॉट बुकिंग के लिए 6.70 लाख रुपए जमा करने के दस्तावेज भी मिले हैं. ईओडब्ल्यू इन संपत्तियों में लगाए गए धन के स्रोत और स्वामित्व का सत्यापन कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि कई संपत्तियों की जानकारी विभाग को नहीं दी गई थी.
बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा भी जांच में…
तलाशी के दौरान जब्त पासपोर्ट से पता चला कि राकेश गोरखे अक्टूबर 2023 में विभागीय अनुमति लिए बिना थाईलैंड गए थे. ईओडब्ल्यू अब इस विदेश यात्रा पर हुए खर्च का भी आकलन कर रही है और उसे आरोपी के कुल व्यय में शामिल किया जाएगा.
पहले भी विवादों में रह चुका है…
राकेश गोरखे का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है. कुछ महीने पहले एमजीएम मेडिकल कॉलेज में तत्कालीन डीन के निजी सहायक भावेश उपाध्याय के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें निलंबित कर शासकीय मनोरोग चिकित्सालय, बाणगंगा में अटैच कर दिया था. मामले में पुलिस ने भी प्रकरण दर्ज किया था.
विस्तृत जांच जारी है….
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की जांच के बाद न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई. जांच में आरोपी और उसके परिवार के नाम वैध आय से लगभग 108 प्रतिशत अधिक चल अचल संपत्ति मिली है. तलाशी के दौरान नकदी, बैंक दस्तावेज, पासपोर्ट, सरकारी रिकॉर्ड और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं. विदेश यात्रा, संपत्तियों के स्रोत तथा अन्य वित्तीय लेन देन की विस्तृत जांच जारी है.
डीएसपी ईओडब्ल्यू, नंदनी शर्मा
