चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय के बाहर विस्फोट मामले में दो संदिग्ध गिरफ्तार

चंडीगढ़ 03 अप्रैल (वार्ता) चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट मामले में पंजाब पुलिस ने दो संदिग्धों को रूपनगर (रोपड़) से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह उर्फ भोलू और गुरतेज सिंह के रूप में हुई है। दोनों रूपनगर जिले के थाना सिटी मोरिंडा के अंतर्गत गांव रत्तनगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।

पंजाब पुलिस की सीआईए टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं, मोहाली पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि मामला अभी जांच के अधीन है और ऑपरेशन जारी है, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां ठोस सबूतों के आधार पर की गई हैं और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

सूत्रों के अनुसार इस हमले में जीएचडी-2पी हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो पाकिस्तान में निर्मित बताया जा रहा है। यह ग्रेनेड विस्फोट के बाद पांच से दस मीटर के दायरे में बेहद घातक होता है, जबकि इसके छर्रे 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों को गंभीर खतरा हो सकता है।

घटना के बाद सामने आए दो वीडियो में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। एक वीडियो में हमले से कुछ मिनट पहले दोनों को भाजपा कार्यालय के पास एक अन्य दफ्तर के बाहर खड़े देखा गया, जबकि दूसरे वीडियो में विस्फोट के बाद दोनों को सड़क पार कर भागते हुए देखा गया।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

 

 

Next Post

ईरान के हमले में प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे पर मौजूद अमरीकी रडार को नुकसान

Fri Apr 3 , 2026
वॉशिंगटन, 03 अप्रैल (वार्ता) ईरान के सऊदी अरब में प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे पर किए गए हमले में अमेरिका के टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस ( थाड) के एक रडार एएन/टीपीवाई-2 को नुकसान पहुंचा है। सीएनएन ने सैटेलाइट चित्र का हवाला देते हुए यह रिपोर्ट दी। यह रडार, प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे […]

You May Like