
गुना: शहर के विद्यार्थी नगर में रविवार दोपहर एक 23 वर्षीय नवविवाहिता यासमीन बानो का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई है। मृतका का एक डेढ़ साल का मासूम बेटा भी है।
इस मामले में कोलारस निवासी मृतका के पिता अय्यूब खान ने बताया कि दो दिन पहले यासमीन का फोन आया था, जिसमें उसने बताया था कि ससुराल में ननद की शादी को लेकर सास और ननद उसे लगातार परेशान कर रही थीं और उसके साथ मारपीट की जा रही थी। एक दिन बाद जब पिता ने बेटी को फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद अय्यूब खान ने अपने दामाद फैजान को फोन लगाकर स्थिति देखने को कहा। रविवार शाम करीब 6 बजे मायके पक्ष को यासमीन द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली।
पिता अय्यूब खान का आरोप है कि घटना वाले दिन सास ने यासमीन के डेढ़ साल के बेटे को उससे छीन लिया और दूसरे कमरे में ले गई, जिससे दुखी होकर यासमीन ने यह कदम उठाया या फिर उसकी हत्या की गई। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले परिजनों ने यासमीन और फैजान को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद अय्यूब खान ने ही उन्हें कोलारस में सहारा दिया था, लेकिन इसके बावजूद सास द्वारा प्रताड़ना जारी रही।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिला अस्पताल में ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस द्वारा कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन परिवार के किसी भी सदस्य से संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
