
ग्वालियर। जिले के भितरवार नगर में जमीन के विवाद में दिनदहाड़े वकील रतन सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनकी गर्दन और छाती में तीन गोलियां मारीं। गंभीर हालत में उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या का आरोप चचेरे भाई, भतीजे समेत तीन रिश्तेदारों पर लगा है। सभी आरोपी फरार हो गए हैं।
परिजनों के मुताबिक, भितरवार में हरसी रोड स्थित करीब डेढ़ बीघा विवादित जमीन को लेकर रतन सिंह यादव का अपने रिश्तेदारों से कोर्ट में मामला चल रहा था। वे जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
हत्या का आरोप चचेरे भाई राकेश यादव, भतीजे राहुल यादव और गब्बर सिंह रावत पर लगा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
*नाराज वकीलों ने थाना घेरा*
घटना के बाद भितरवार अभिभाषक संघ में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
*पुलिस का कहना है…*
भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि सूचना मिली थी कि भितरवार-डबरा रोड स्थित आशा भोजनालय के पास वकील रतन यादव पर तीन युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें कमर के दाहिने हिस्से, गर्दन के नीचे और शरीर के एक अन्य हिस्से में गोली लगी। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या जमीन से जुड़े विवाद की आशंका सामने आई है।
