जबलपुर: खितौला स्थित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त को हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस वारदात में 14 किलो 875 ग्राम सोना और 5 लाख 8 हजार रुपए लूटे गए थे। पुलिस ने मास्टरमाइंड रहीस लोधी समेत चार आरोपियों सोनू बर्मन, हेमराज और विकास चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि डकैती को अंजाम देने वाले झारखंड के डकैत अभी फरार हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे, जिनकी तलाश के लिए पांच विशेष टीमें झारखंड में दबिश दे रही हैं।
इस तरह रचा गया डकैती का प्लान
मुख्य आरोपी रहीस लोधी ने अपने साथी बब्लू के साथ मिलकर योजना बनाई और वारदात के लिए झारखंड के डकैतों को हायर किया। सोनू बर्मन ने डकैतों के लिए पाटन इन्द्राना में किराये का मकान दिलाकर दस दिन तक ठहरने व रैकी की व्यवस्था की। हेमराज ने डकैतों को बैंक और आसपास की गलियों का भ्रमण कराया, यहां तक कि जाली आईडी भी बनवाए। डकैती के बाद आरोपी फिर किराए के मकान लौटे और अगले दिन विकास उन्हें दमोह तक ले गया, जहां से वे ट्रेन पकड़कर झारखंड रवाना हो गए।
झारखंड गैंग की कार्यशैली
डकैत वारदात से पहले आसपास ठिकाना बनाकर रैकी करते हैं। नगदी को आपस में बांटने के बाद सोने को पिघलाकर बिस्कट बनाकर खपाते हैं। यही रणनीति इस वारदात में भी अपनाई गई।
पुलिस की कार्रवाई
एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 1 लाख 83 हजार रुपए नगद, एक कट्टा, चार कारतूस, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
