
मंडला: जिला चिकित्सालय मंडला की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने जिला चिकित्सालय के मैटरनिटी विंग का औचक निरीक्षण किया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे भी उपस्थित रहे। प्रसव कक्ष से लेकर पीपीसी ओटी और वार्डों का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें लापरवाहियां देखने को मिलीं। मरीजों के बेड की चादरें साफ नहीं पाई गईं और कुछ बेड पर तो चादरें उपलब्ध ही नहीं थीं। वार्डों में गंदगी का अंबार मिला, जिससे माताओं और शिशुओं में संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सीएमएचओ ने तत्काल माताओं के साथ एक ही अटेंडर को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं जिससे वे अपने मरीज की देखभाल कर सकें।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने जल्द से जल्द गेट सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए। मैटरनिटी विंग की सिस्टर इंचार्ज को सफाई कार्यों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने और मेट्रन सिस्टर को सुबह वार्ड का भ्रमण कर सफाई की स्थिति देखने और गंदगी पाए जाने पर ठेकेदार को सूचित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एक्लम्पसिया वार्ड का रखरखाव मार्गदर्शन के आधार पर अपडेट करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान मैटरनिटी विंग के ओपीडी और आईपीडी के लिए डॉक्टरों के ड्यूटी रोस्टर को तुरंत तैयार करने के निर्देश दिए गए। सभी डॉक्टरों को सुबह 9 बजे समय पर उपस्थित होने के लिए सीएमएचओ ने सख्त निर्देश जारी किए। इसके साथ ही एनआरसी के निरीक्षण में भी पाया गया कि दो-तीन दिन पहले बच्चों को खिलाने वाली खाद्य सामग्री गुणवत्तापूर्ण नहीं थी। इस पर सीएमएचओ ने निर्देश दिया कि समान सप्लाई करने वाले वेंडर से स्पष्टीकरण लेकर जवाब लिया जाए और आवश्यक कार्यवाही की जाए।
सीएमएचओ ने निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों को एक सप्ताह के अंदर सुधार करने का समय दिया है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, डीपीएचएनओ, नर्सिंग सिस्टर और एमएच को उपस्थित रहे।
