नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिले ने अलग–अलग अभियानों में कुल छह सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, चोरी की स्कूटी व मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किए हैं। इन कार्रवाइयों से लूट, स्नैचिंग, चोरी और वाहन चोरी के कई मामले सुलझ गए हैं।
पश्चिमी जिला उपायुक्त पुलिस दराडे शरद भास्कर ने शुक्रवार को बताया कि मायापुरी थाना क्षेत्र में 17 सितंबर को दर्ज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों अंकुल (25) और लक्ष्य भारती (23) को दबोचा। लक्ष्य पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों से नकदी, छीना गया मोबाइल, चोरी की स्कूटी और धारदार हथियार बरामद हुए।
राजौरी गार्डन व हरि नगर इलाका में पुलिस ने कुख्यात स्नैचर पारस गोगिया (29) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7,000 रुपये नकद, छीना गया महंगा मोबाइल फोन, बटनदार चाकू और चोरी की स्कूटी मिली। आरोपी पर पहले से 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तिलक नगर थाना क्षेत्र में 16 सितम्बर को हुई लूट–पाट की घटना के बाद पुलिस ने ऋषु गुप्ता उर्फ मटका (23) और अर्जुन उर्फ मन्नी उर्फ नासा (27) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पहले से 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 2,400 रुपये और छीना गया मोबाइल बरामद किया।
मोती नगर थाना क्षेत्र में एक बैग चोरी के मामले में पुलिस ने गंगा राम (35) को 48 घंटे में गिरफ्तार कर पीड़ित का लैपटॉप, चार्जर और ट्रॉली बैग बरामद किया है।
हरि नगर व रघुबीर नगर इलाके में अलग–अलग गश्ती अभियानों के दौरान पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को दबोचा। इनमें देवेन्द्र उर्फ सूरज से चोरी की मोटरसाइकिल, डिलीवरी बैग और अन्य सामान बरामद हुआ। वहीं, नरेन्द्र उर्फ बीरजू से चोरी की स्कूटी और मोबाइल मिला। दोनों पर पहले से दर्जनों मुकदमे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इन कार्रवाइयों से इलाके में बढ़ रही लूट, स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
