मुंबई, 26 सितंबर (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारी बारिश और बाढ़ के कारण महाराष्ट्र में उत्पन्न अभूतपूर्व संकट से निपटने के लिए राज्य काे अधिकतम सहायता का आश्वासन दिया है।
श्री फडणवीस ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर केंद्र को वित्तीय सहायता के लिए एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ एक घंटे की विस्तृत चर्चा भी की।
उन्होंने श्री मोदी को नुकसान की गंभीरता के बारे में जानकारी दी और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन नियमों की सीमाओं से परे सहायता की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि श्री मोदी ने अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और राज्य सरकार से जल्द से जल्द प्रस्ताव जमा करने को कहा, ताकि तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
यह भी संकेत दिया गया कि शीघ्र ही एक केंद्रीय टीम महाराष्ट्र में बाढ़ के नुकसान का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए आ सकती है, जिससे राहत और सहायता प्रक्रिया को तेज किया जा सके।
