शिवपुरी:लुकवासा चौकी क्षेत्र में वन विभाग के वृक्षारोपण कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आया है। वन विभाग बीट अटूरुनी के कक्ष क्रमांक RF-133 में पौधारोपण करवा रहा था। यह जमीन वर्षों से लुकवासा भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राम लखन यादव के परिवार के कब्जे में थी। विभाग ने हाल ही में वहां बाउंड्री बनाकर गड्ढे खोदने का काम शुरू किया। इससे पहले आरोपियों ने गड्ढे भर दिए और काम बंद कराने की धमकी दी थी।
रात करीब 1 बजे टोरिया वन चौकी में सो रहे वन रक्षक सुदर्शन भार्गव पर हमला किया गया। हमलावरों में राम लखन यादव व उनके परिजनों, पिता शिवराज यादव, अंकेश यादव, आकाश यादव और रामबरन गुर्जर शामिल थे।
आरोप है कि इन्होंने चौकी में घुसकर गाली-गलौज की। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वन रक्षक के साथ मारपीट की। वन रक्षक को कमरे में बंद करने के बाद जेसीबी ड्राइवर सोनू कुशवाह, सतीश कुशवाह और धीरज कुशवाह के साथ भी मारपीट की गई। हमले के बाद चौकी परिसर में खड़ी दो जेसीबी मशीनों के शीशे तोड़ दिए गए। कोलारस थाना में धारा 132, 115(2), 296, 119, 324(4), 351(2), 190, 191(2), 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
