
नई दिल्ली, 07 नवम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय दौरे पर काशी (वाराणसी) आ रहे हैं। इस दौरान पीएम 8 नवंबर को वाराणसी में चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इन ट्रेनों के माध्यम से भारतीय रेल के सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस नेटवर्क का तेजी से विस्तार होगा। ये ट्रेनें देश के अलग-अलग हिस्सों में चलेंगी और यात्रियों का समय बचाकर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार लाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी बनारस रेलवे स्टेशन से एक वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वह लखनऊ से सहारनपुर, फिरोजपुर से दिल्ली और एर्नाकुलम से बेंगलुरु जाने वाली तीन अन्य वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी। बनारस-खजुराहो ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक स्थानों को जोड़ेगी।
इन नई ट्रेनों से बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय काफी हद तक कम हो जाएगा, जिससे इलाकों में आने-जाने की सुविधा बढ़ेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में सफर पूरा करेगी, जो पंजाब और राजधानी को जोड़ेगी। वहीं, एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत से प्रोफेशनल्स, छात्रों और पर्यटकों को तेज और आरामदायक विकल्प मिलेगा, जिससे देश की आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।
