
नई दिल्ली, 07 नवम्बर (वार्ता): इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआई) पर गुरुवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सिस्टम में तकनीकी समस्या आने के कारण उड़ानों में भारी देरी हो रही है। एयरपोर्ट की ओर से सुबह 8:34 बजे यात्रियों के लिए एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई, जिसमें बताया गया कि एटीसी से जुड़ी दिक्कतों के चलते फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, एटीसी सिस्टम में आई समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) और अन्य संबंधित एजेंसियां सर्वोच्च प्राथमिकता पर इस खराबी को जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश कर रही हैं ताकि उड़ान सेवाएं सामान्य हो सकें। एयरपोर्ट पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है, और यात्री उड़ानों के अपडेट के लिए काउंटरों पर पहुंचते दिखे।
एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से लगातार संपर्क बनाए रखें, क्योंकि उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें और बार-बार एयरलाइंस की वेबसाइट या एसएमएस अलर्ट चेक करते रहें। एटीएस (एयर ट्रैफिक सर्विस) विमानों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण होता है।
