ग्वालियर: बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की मांग की है। प्रीतम लोधी ने कहा कि जब हेमा मालिनी के धर्मेन्द्र को भारत रत्न मिल सकता है। तो क्या हमारे कल्याण सिंह बाबू जी को नहीं मिल सकता।विधायक ने यहां चूक कर दी। दरअसल, धर्मेंद्र को भारत सरकार ने पद्म भूषण और पद्म विभूषण दिए हैं, उन्हें भारत रत्न नहीं मिला है।
प्रीतम लोधी ने कहा कि मैं गाड़ी लेकर निकला, कई मोड़ आए और मैं कई मोड़ छोड़ आया। मैं क्यों निकला? मैं केवल लोधी समाज की जवानी ढूंढने निकला हूं दोस्तों कि लोधी समाज की जवानी कहां है। बहुत लोग मंचों से कहते हैं कि जिस ओर जवानी चलती है, उसी ओर जमाना चलता है। मैंने देखा कि लोधी समाज की जवानी कहां चली गई है, किस बिल में घुस गई है, किस क्षेत्र में खो गई है? जब मैं जवानी ढूंढने निकला तो दोस्तों, मुझे थोड़ी सी जवानी ताश के पत्तों में उलझी मिली, थोड़ी जवानी धूम्रपान में लगी हुई मिली और जो पूरी जवानी थी, वह मुझे शराब की दुकानों पर मिली। प्रीतम लोधी ने कहा- मैं नशे का ज्ञाता हूं।
मैं भी पहले बहुत नशा करता था। एक दिन एक बहन ने मुझे नशा करते हुए देखा, तो उसने काली का रूप धारण कर लिया और मुझे इतना डांटा कि मैं कांप गया। उस महिला ने कहा कि लोधी समाज तुमसे आस लगाए बैठा है और तुम इस दलदल में फंसे हो। उस दिन के बाद मैंने मन बना लिया कि कि अब कभी नशा नहीं करूंगा। हमारी जवानी में दो-दो लोधी सीएम थे अब जीरो हैं। जब हम जवान हुआ करते थे, तब दो-दो मुख्यमंत्री हुआ करते थे। मैं हर मंच से कहता हूं कि आज जीरो हैं। पूरी जनता आपकी ओर देख रही है कि आप लोग मैदान में आएंगे। हमें देश में एक मुख्यमंत्री जरूर चाहिए दोस्तों। जब एक संविधान, एक विधान, एक निशान, एक मतदान और एक हिंदुस्तान हो सकता है, तो क्या लोधी समाज का एक मुख्यमंत्री नहीं होना चाहिए?
