जबलपुर :गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर में एक युवक ने बीच सडक़ पर रो रही जिस युवती की मदद कर उसे अपनी एक्टिवा घर जाने सौंपी थी, वह युवती गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गई। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक सेठी नगर निवासी ओम प्रकाश बेन (32) 2 मार्च की शाम करीब 5:45 बजे एमपीईबी तरंग, रामपुर घूमने गया था। वहां उसने देखा कि एक एक्टिवा पर आई तीन लड़कियों के बीच जबरदस्त झगड़ा हो रहा है।
विवाद इतना बढ़ा कि दो लड़कियों ने अपनी ही एक सहेली के साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाडक़र उसे वहीं बीच सडक़ पर अकेला छोड़ कर अपनी गाड़ी से भाग निकलीं। रोती हुई लडक़ी को देखकर ओम प्रकाश ने जब मदद की पेशकश की, तो उसने अपना नाम सुहानी केवट बताया। सुहानी ने कहा कि वह आधारताल की रहने वाली है और उसकी सहेलियों ने उसे धोखा दिया है उसे बीच रास्ते में छोडक़र चली गई है उसे घर जाना है।
युवती को परेशान देख ओम प्रकाश ने मानवता के नाते अपनी मेहरून रंग की एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एस एस 4792 उसे घर जाने के लिए दे दी। सुहानी को अगले दिन 3 मार्च को रामपुर चौक आकर गाड़ी वापस करनी थी और ओम प्रकाश को कॉल करना था। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी न तो युवती गाड़ी लेकर आई और न ही उसका कोई पता चला। पीडि़त ने जब संपर्क करने की कोशिश की तो युवती की नीयत साफ समझ आ गई। अंतत: थक-हार कर पीडि़त ने अब थाने पहुंचकर युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सुहानी केवट के खिलाफ अमानत में खयानत के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब दिए गए मोबाइल नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।
