
जबलपुर। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने मंडला जिले के बिछिया स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय में प्राचार्य एवं शिक्षकों की बैठक लेकर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन, शैक्षणिक प्रगति, स्वच्छता, पेयजल और विद्यालय के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों को उत्कृष्ट एवं आदर्श शैक्षणिक संस्थाओं के रूप में विकसित करने के लिए शिक्षक पूर्ण समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करें। विद्यार्थियों की विषयगत कठिनाइयों को दूर करने अतिरिक्त अभ्यास और विशेष शिक्षण की व्यवस्था करने के साथ पुस्तकालय, प्रयोगशाला, डिजिटल माध्यम एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान श्री सोनी ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा वर्षा जल संचयन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यावसायिक प्रयोगशाला का अवलोकन कर उसके नियमित उपयोग पर जोर दिया और कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास का केंद्र बने। इस दौरान संभागीय व्यावसायिक समन्वयक मनोज काशिव, संस्था प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
