वर्ल्ड टूर फाइनल में भारत के इकलौते प्रतिनिधि होंगे सात्विक : चिराग

हांग्झोउ, 16 दिसंबर (वार्ता) सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार से यहां शुरू हो रहे बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन वर्ल्ड टूर फाइनल्स 2025 में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि होंगे।

सात्विक-चिराग के अलावा भारत का कोई भी शटलर इस आयोजन में जगह नहीं बना सका। वर्ल्ड टूर फाइनल की रैंकिंग के अनुसार, साल के टॉप आठ खिलाड़ी और जोड़ियां सीज़न के आखिरी मुकाबले में हिस्सा लेती हैं। पुरुष और महिला एकल और युगल के साथ-साथ मिश्रित युगल में भी प्रतियोगिताएं होती हैं। एक देश से हर प्रतियोगिता में अधिकतम दो खिलाड़ी/टीम ही हिस्सा ले सकते हैं।

पूर्व विश्व नंबर एक सात्विक-चिराग वर्तमान में पुरुष युगल रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने हालिया विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। इस साल की शुरुआत में हांगकांग ओपन और चाइना मास्टर्स में वे उपविजेता रहे थे। यह जोड़ी 2025 में मलेशिया ओपन, इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन, चाइना ओपन और डेनमार्क ओपन में भी सेमी-फाइनल में पहुंची थी।

वर्ल्ड टूर फाइनल में 2021 के बाद सात्विक-चिराग दूसरी बार हिस्सा ले रहे हैं। एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक-चिराग को इस आयोजन के लिये ग्रुप-बी में रखा गया है। चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग, इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिकरी, और मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक भारतीय जोड़ी के साथ ग्रुप-बी में होंगे।

सात्विक-चिराग अपने अभियान की शुरुआत पेरिस 2024 की रजत पदक विजेता चीनी जोड़ी केंग-चांग के खिलाफ करेंगे। केंग और चांग के खिलाफ सात्विक-चिराग आमने-सामने के 10 मुकाबलों में से सात हारे हैं, जबकि सिर्फ तीन में उन्हें जीत हासिल हुयी है। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता आरोन चिया और सोह वूई यिक भी सात्विक-चिराग के साथ ग्रुप-बी में हैं। पुरुष युगल में मौजूदा विश्व चैंपियन दक्षिण कोरिया के किम वॉन हो और सियो सेउंगजे शीर्ष वरीयता प्राप्त हैं और ग्रुप-ए में हैं।

उल्लेखनीय है कि त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पिछले साल के वर्ल्ड टूर फाइनल में भारत की एकमात्र एंट्री थीं। यह जोड़ी ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गयी थीं। उन्होंने अपने तीन मैचों में से एक जीता था। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु (2018) वर्ल्ड टूर फाइनल में जीतने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।

 

 

Next Post

मेले में वाहनों की खरीदी पर रोड़ टैक्स में 50 प्रतिशत छूट के लिये सीएम से मिले सिलावट

Tue Dec 16 , 2025
ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेले में प्रतिवर्ष राज्य सरकार द्वारा वाहनों की खरीदी पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत रियायत दी जाती है। वर्ष 2025-26 में भी ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों की खरीदी पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट दिए जाने का आग्रह जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट […]

You May Like