श्रीगंगानगर, 02 जुलाई (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पिछले सप्ताह समेजा कोठी और जैतसर थाना इलाकों में पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा मंगवायी गयी 10 किलो 500 ग्राम हेरोइन पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने अब एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रोंं ने गुरुवार को बताया कि इसके सहित इस मामले में अब तक एक महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़ी गयी हेरोइन का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य करीब 55 करोड रुपए है। अभी कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि आज अवतार सिंह उर्फ भूचर (28) को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मंगलवार को सिमरजीत सिंह उर्फ सिमर (22) और अमरजीत सिंह उर्फ अंबी उर्फ सरपंच (36) को गिरफ्तार किया गया था।
