इंदौर: किशनगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे पति को नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी थी. डर और बदनामी के कारण वह काफी समय तक चुप रही. बाद में आरोपी द्वारा उसके पति के साथ मारपीट किए जाने के बाद उसने परिवार को पूरी घटना बताई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है. पीड़िता (बदला हुआ नाम आम्रपाली) अपनी टापरी में थी, तभी आरोपी अरबाज पटेल अचानक कमरे में घुस आया.
आरोप है कि उसने महिला को जबरदस्ती पकड़कर जमीन पर पटक दिया और मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद किसी को घटना बताने पर जान से खत्म करने की धमकी दी. आरोपी ने महिला के पति को काम से निकलवाने की धमकी भी दी थी. पीड़िता ने बताया कि 1 नवंबर को आरोपी ने उसके पति जितेंद्र के साथ चाकू से मारपीट की. इसके बाद 11 नवंबर को भी पति के साथ मारपीट की गई, जिसकी शिकायत किशनगंज थाने में की गई थी. इन घटनाओं के बाद महिला ने पति, मां और पिता को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरबाज पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी केवटी गांव का रहने वाला है.
