सिंगरौली: खुटार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुटार के थाना टोला में बीते दिन मंगलवार को एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना डायल 112 के माध्यम से कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल संबंधित पुलिस टीम एवं फायर ब्रिगेड को मौके के लिए रवाना किया गया।चौकी प्रभारी शीतला यादव के नेतृत्व में डायल 112 एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया।
इसके साथ ही फायर ब्रिगेड टीम को भी तत्काल बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। आगजनी की इस घटना में मकान स्वामी रामरेखा पटेल का घर प्रभावित हुआ, हालांकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। उक्त कार्यवाही में मनीष सेन, अभिषेक कुशवाहा, सच्चिदानंद तिवारी, डायल 112 पायलट अवनीश दुबे, रामभवन शाह, अंकुश कुमार सोनी तथा फायर ब्रिगेड टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल की तत्परता की सराहना की।
