जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने मझौली क्षेत्र का निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने चनगवां आरोग्य मंदिर में एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र में पोर्टल पर बच्चों का डेटा अपडेट नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजर का एक सप्ताह का वेतन काटने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
विद्यालय में अनुपस्थिति पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मझौली के नंदग्राम माध्यमिक शाला में एक भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं पाए जाने पर स्थिति गंभीर मानी गई। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिए गए जवाब संतोषजनक न होने के कारण वहां उपस्थित दो शिक्षकों का एक-एक सप्ताह का वेतन तथा अनुपस्थित शिक्षक का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
अन्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर – सीईओ ने ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान, गंगा जल संवर्धन के तहत बने तालाबों तथा पौड़ा में निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम इंद्राना में प्रस्तावित यज्ञ की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
