इंदौर:अयोध्यापुरी स्थित एक गौशाला में सुबह भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई. इस हादसे में दो भैंसें झुलस गईं, जबकि बड़ी संख्या में मवेशियों को समय रहते बाहर निकाल लिया. पिछले 24 घंटों में जिले में मवेशी बाड़े में आग की यह दूसरी घटना है.एएसआई संतोष दुबे ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 4:24 बजे खंडवा नाका क्षेत्र के शांति फार्म हाउस के पास स्थित गौशाला से मिली. सूचना मिलते ही मोती तबेला फायर स्टेशन से दमकल दल मौके पर पहुंचा.
गौशाला संचालक श्यामलाल पिता दूलीचंद ने बताया कि आग सबसे पहले भूसे में लगी, जो कुछ ही देर में तेजी से फैल गई. स्थिति बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने भी मदद की. दमकल कर्मियों ने लगभग 25 हजार लीटर पानी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि अधिकतर मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो भैंसें आग की चपेट में आकर झुलस गईं.
घटना के समय आसपास के रहवासी और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी. आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले तिल्लोर खुर्द क्षेत्र में एक कोंदवाड़े में आग लगने से तीन मवेशियों की मौत हो गई थी और पशु आहार भी जलकर राख हो गया था.
