मुंबई, हार्दिक पांड्या IPL 2027 में केकेआर का हिस्सा बनने की खबरें तेज हो गई है। मुंबई इंडियंस को छोड़, 25 करोड़ की ट्रेड डील के साथ उनकी KKR में कप्तानी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या का भविष्य चर्चा का विषय बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगले सीजन में वो किस टीम के लिए खेलेंगे। मुंबई इंडियंस से उनके अलग होने की खबरों के बीच अब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की दौड़ में उतर गई है।
क्या KKR से जुड़ेंगे हार्दिक?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केकेआर ने हार्दिक पांड्या को टीम में लाने की तैयारी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, फ्रेंचाइजी उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंप सकती है। पिछले दो सीजन में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। ऐसे में टीम को एक ऐसे खिलाड़ी की तलाश है, जो कप्तानी के साथ बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में योगदान दे सके। हार्दिक इस भूमिका के लिए सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि केकेआर हार्दिक को ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ेगी या मुंबई इंडियंस के साथ कैश डील करेगी। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
किस खिलाड़ी पर पड़ेगा असर?
अगर हार्दिक केकेआर में शामिल होते हैं, तो टीम के विदेशी ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर इसका असर पड़ सकता है। एक ही टीम में दो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर होने से प्लेइंग इलेवन का संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों खिलाड़ियों की अदला-बदली भी हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, केकेआर कैमरून ग्रीन के बदले हार्दिक को ट्रेड करने पर विचार कर सकती है।
ग्रीन को आईपीएल 2026 की नीलामी में 25.2 करोड़ रुपये मिले थे। हालांकि, यह तय नहीं है कि मुंबई इंडियंस सिर्फ ग्रीन के बदले हार्दिक को छोड़ने के लिए तैयार होगी।
क्या CSK की नजरें भी पांड्या पर?
इससे पहले खबरें आई थीं कि चेन्नई सुपर किंग्स भी हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि हार्दिक के बदले आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे का नाम सामने आया था। बाद में ये भी कहा गया कि चेन्नई ने काउंटर ऑफर देते हुए शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस को ट्रेड में शामिल करने की बात रखी थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हार्दिक पांड्या के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 162 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट भी अपने नाम किए हैं। अब तक वो आईपीएल में सिर्फ मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2027 में हार्दिक किस टीम की जर्सी में नजर आते हैं।
करियर की अहम उपलब्धियां-
खिताब जिताने वाले कप्तान: उन्होंने 2022 में अपने पहले ही सीजन में गुजरात टाइटंस को उनकी पहली IPL ट्रॉफी जिताई।
मैच खत्म करने की काबिलियत: उनका करियर बैटिंग स्ट्राइक रेट 146.29 है, जो उन्हें डेथ-ओवर्स में सबसे खतरनाक हिटर्स में से एक बनाता है।
फाइव-विकेट क्लब: उनके करियर का सबसे अच्छा बॉलिंग प्रदर्शन 5/36 है, जो अकेले दम पर पार्टनरशिप तोड़ने की उनकी काबिलियत को दिखाता है।
