हावड़ा-दिल्ली मार्ग पर क्षमता बढ़ाने के लिए किउल-झाझा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी

नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) रेलवे ने अति व्यस्त हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर क्षमता वृद्धि, परिचालन दक्षता में सुधार और निर्बाध रेल परिवहन सुनिश्चित करने के लिए किउल-झाझा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना से यात्रियों के आवागमन, माल ढुलाई तथा क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी। इससे हावड़ा दिल्ली कोरीडोर पर परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा रेल सेवाओं की समयबद्धता और परिचालन क्षमता में सुधार होगा। उन्होंने बताया कि 54 किमी लंबी इस परियोजना पर 962 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि अतिरिक्त रेल लाइन से यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और व्यापारिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा। ल मंत्रालय के अनुसार किउल और झाझा के बीच मौजूदा दोहरी रेल लाइन खंड का उपयोग फिलहाल अपनी अधिकतम क्षमता से अधिक हो रहा है, जबकि आने वाले वर्षों में इस मार्ग पर यातायात की मांग और बढ़ने की संभावना है इसलिए 54 किमी लंबी प्रस्तावित रेल परियोजना इस खंड पर क्षमता में विकास करेगी तथा यात्री और माल गाड़ियों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

मंत्रालय ने कहा कि इस परियोजना से पटना और कोलकाता के बीच संपर्क और मजबूत होगा तथा उत्तरी एवं पूर्वी भारत के प्रमुख औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स केंद्रों के बीच माल ढुलाई को गति मिलेगी। यह मार्ग कोलकाता और हल्दिया बंदरगाहों से रक्सौल और नेपाल तक संपर्क उपलब्ध कराता है तथा बाढ़ एसटीपीपी, जवाहर एसटीपीपी और बीरगंज आईसीडी जैसे प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़ी भारी माल ढुलाई को भी संभालता है।

रेल मंत्रालय के अनुसार किउल-झाझा रेल खंड भारतीय रेलवे के अति व्यस्त यातायात वाले नेटवर्क कॉरिडोर का हिस्सा है। ऐसे में इस रणनीतिक गलियारे पर बढ़ती यातायात मांग को देखते हुए परियोजना से दीर्घकालिक बुनियादी ढांचागत सहायता मिलने, रेल परिवहन की विश्वसनीयता बढ़ने और पूर्वी तथा उत्तरी भारत के आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

 

Next Post

रिज़वान ने वापसी की, पाक को दूसरा टेस्ट जीतने के लिए चाहिए 121 रन

Tue May 19 , 2026
सिलहट, 19 मई (वार्ता) पाकिस्तान ने मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के चौथे दिन कप्तान शान मसूद, मोहम्मद रिज़वान और सलमान आगा की जुझारू हाफ-सेंचुरी की मदद से स्टंप्स तक 7 विकेट पर 316 रन बना लिए। बांग्लादेश के पहली पारी में 46 रन की बढ़त लेने और दूसरी […]

You May Like