श्योपुर:विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के श्योपुर आगमन के दौरान एक अप्रिय राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। स्वागत कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, श्योपुर नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार हुआ। इस घटना से आहत होकर नगरपालिका अध्यक्ष बीच सड़क पर ही भावुक हो गईं।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता पहुंचे थे।
इसी भीड़ के बीच नगरपालिका अध्यक्ष रेणु गर्ग भी स्वागत के लिए बढ़ रही थीं, तभी वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों या कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। रेणु गर्ग का आरोप है कि उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस करने लगीं और मौके पर ही फूट-फूटकर रो पड़ीं।
रेणु गर्ग के पति सुजीत गर्ग ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काफी हंगामे के बाद स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और रेणु गर्ग को ससम्मान स्वागत करने के लिए आगे भेजा गया।
