
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत इंदौर से हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन
नबीन की मौजूदगी में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 के तहत 50 लाख निजी संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के अभियान का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार के अनुसार, इसके लिए करीब 4000 करोड़ रुपये का वित्तीय भार सरकार उठाएगी।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश सरकार ने स्वामित्व योजना के रूप में ग्रामीण परिवारों को महत्वपूर्ण उपहार दिया है। देवी अहिल्याबाई होलकर की नगरी इंदौर से इस अभियान की शुरुआत होना इसे और विशेष बनाता है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई ने सुशासन, धर्म-संस्कृति और जनसेवा की मजबूत नींव रखी थी तथा महिलाओं को संपत्ति का अधिकार और कानूनी सुरक्षा देने की पहल की थी। उसी परंपरा से प्रेरणा लेकर ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का अधिकार दिलाने का काम किया जा रहा है।
नवीन ने कहा कि स्वामित्व की रजिस्ट्री महज कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के स्वाभिमान और कानूनी अधिकार का आधार है। वर्षों से गांवों में ऐसे परिवार रहे हैं, जिनके पास घर तो था, लेकिन उसका वैधानिक दस्तावेज नहीं था। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वामित्व योजना के माध्यम से इस समस्या के समाधान की पहल की, जिसका परिणाम अब मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। प्रदेश में करीब 68 लाख अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं और इनमें लगभग 50 लाख निजी मकानों से संबंधित हैं। इन संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया अब शुरू की जा रही है।
निशुल्क रजिस्ट्री का अभियान : डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामित्व योजना से ग्रामीण आबादी को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिलेगा। प्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक माह तक अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री का अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान शुरू हुआ है और इसी अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पहली बार मध्य प्रदेश आगमन हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। आज उनका जन्मदिवस होने के साथ भगवान विश्वकर्मा की जयंती भी है। राज्य सरकार श्रमिकों और छोटे कामगारों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों के लिए पैतृक और स्वयं की संपत्ति का स्वामित्व उनके सम्मान और भविष्य से जुड़ा विषय है।
विशेष रूप से सजा इंदौर
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए इंदौर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को विशेष रूप से सजाया गया है। सैकड़ो मंच लगाकर कार्यकर्ताओं ने स्वागत मंच से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया और पूरे शहर को पार्टी के झंडों और भगवा पट्टियों से भव्य रूप प्रदान किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण देखा जा रहा है।
अंत्योदय को समर्पित
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और अंत्योदय को समर्पित रहा है।
महत्वपूर्ण पहल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति के वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है।
यह थे उपस्थित
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम स्थल पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
