
देवास। विजयागंज मंडी थाना पुलिस ने ग्राम कवड़ी क्षेत्र में कुओं से पनडुब्बी मोटर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 6 मोटरें बरामद की हैं। करीब 41 हजार रुपये कीमत की मोटरों की शत-प्रतिशत बरामदगी CCTV फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर हुई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि वारदात में शामिल उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।
28 जुलाई को ग्राम कवड़ी निवासी फरियादी शक्तिपाल सिंह ने खेत के कुएं से पनडुब्बी मोटर चोरी होने की शिकायत विजयागंज मंडी थाने में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उनि जितेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और उनका बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को ग्राम टोंककला निवासी शशिकांत उर्फ गोलू पिता राणा झाला (30) पर संदेह हुआ।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ ग्राम कवड़ी क्षेत्र से पनडुब्बी मोटर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 6 पनडुब्बी मोटरें बरामद कर लीं, जिनकी कुल कीमत करीब 41 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व से 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
