सतना: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डालीबाबा मोहल्ले में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के किचन में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई।
आग की लपटें उठते ही घर के लोगों और आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई, हालांकि पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार डालीबाबा मोहल्ले में राजेश दाल मिल के पास रहने वाले सुरेश कुमार नामदेव के घर में शाम के समय किचन में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग तेज हो गई, जिससे घर में मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत बाहर निकल आए।
मौके पर पहुंची डायल 112
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक वसीम मंसूरी अपने सहयोगी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रधान आरक्षक मंसूरी ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से गीले बोरों का इस्तेमाल कर सिलेंडर में लगी आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन आग उस समय काफी तेज थी।
काबू पाने लगा आधा घंटा
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद एहतियात के तौर पर गैस सिलेंडर और चूल्हे को घर के अंदर से निकालकर बाहर खुले स्थान पर रखवा दिया गया, ताकि किसी तरह की अनहोनी की आशंका न रहे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
