बारिश के बीच पाकिस्तान ने बंगलादेश को दी मात, अब 15 मार्च को होगी निर्णायक जंग

ढाका, (वार्ता) यहां के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गये दूसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत बंगलादेश को 128 रनों के बड़े अंतर से मात दे दी है।

इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला में 1-1 की शानदार बराबरी कर ली है। पहले मैच में मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी टीम ने खेल के हर मोर्चे पर जबरदस्त वापसी की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 47.3 ओवरों में 274 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम को सलामी बल्लेबाज माज सदाकत और साहिबजादा फरहान ने आक्रामक शुरुआत दिलायी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 13 ओवरों में 103 रन जोड़ दिये।

माज सदाकत ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 46 गेंदों पर 75 रन बनाये। पारी में छह चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल थे।

मध्यक्रम में सलमान अली आगा ने 64 रनों की जिम्मेदारी भरी पारी खेली। मोहम्मद रिजवान ने भी 44 रनों का योगदान दिया। इसकी बदौलत पाकिस्तान चुनौतीपूर्ण योग तक पहुंचने में सफल रहा।

बंगलादेश की ओर से कप्तान मेहदी हसन मिराज ने दो विकेट चटकाये और रिशाद होसैन ने तीन, लेकिन वे पाकिस्तानी बल्लेबाजों की रन गति पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।

275 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आयी। जब बंगलादेश का स्कोर 6.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान 27 रन था, तब बारिश आ गयी और खेल रोकना पड़ा। जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो बंगलादेश को संशोधित लक्ष्य मिला 32 ओवर में 243 रन का, लेकिन पाकिस्तानी गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने बंगलादेश का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और पूरी टीम 23.3 ओवर में महज 114 रनों पर सिमट गयी।

बंगलादेश की ओर से लिटन दास (41) और तौहिद हृदोय (28) ने थोड़ा संघर्ष किया, मगर और कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका।

पाकिस्तान की तरफ से पारी समेटने में कप्तान शाहीन शाह आफरीदी (2), हारिस रऊफ (3) और माज सदाकत (3) ने अहम भूमिका निभायी।

इस जीत ने शृंखला को बेहद रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया है। अब दोनों टीमों के बीच इस द्विपक्षीय शृंखला का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 15 मार्च को इसी मैदान पर खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब उस ‘फाइनल’ मुकाबले पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि ट्रॉफी पर किसका कब्जा होगा।

 

 

 

Next Post

IPL 2026 के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पूरी तरह तैयार, कर्नाटक सरकार को KSCA ने दी जानकारी

Sat Mar 14 , 2026
केएससीए ने विशेषज्ञ समिति को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा और बुनियादी ढांचे में किए गए सुधारों की जानकारी दी। आईपीएल 2026 के उद्घाटन की तैयारियां शुरू की। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अधिकारियों ने शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति के साथ बैठक कर एम. चिन्नास्वामी […]

You May Like