बढ़ते कर्ज को लेकर पटवारी ने उठाए सवाल

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों और लगातार बढ़ते कर्ज को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है।

पटवारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच सरकार करीब 44,980 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। इसके अलावा 3 नवंबर को 4,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी है। वहीं, इसी अवधि में पुराने कर्ज के ब्याज और मूलधन के भुगतान पर 14,073 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने बजट का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 में ब्याज भुगतान का अनुमानित बोझ 33,735 करोड़ रुपये है। वेतन, पेंशन और ब्याज भुगतान पर कुल 1,37,826 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जो प्रदेश की अनुमानित राजस्व प्राप्तियों का करीब 45 प्रतिशत है। पटवारी ने सवाल उठाया कि जब राजस्व का इतना बड़ा हिस्सा अनिवार्य खर्चों में चला जाएगा, तो किसानों, युवाओं, स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, सिंचाई और पेयजल योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि कहां से आएगी?

उन्होंने निवेश सम्मेलनों में घोषित निवेश की वास्तविक स्थिति, शुरू हुए उद्योगों और स्थानीय युवाओं को मिले स्थायी रोजगार का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कर्ज आधारित नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाली अर्थव्यवस्था की जरूरत है। सरकार को घोषणाओं और प्रचार के बजाय जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

Next Post

मंदसौर के गांधीसागर में 18 को होगी आगामी कैबिनेट उद्योग और ऊर्जा पर रहेगा फोकस

Tue Nov 3 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में सभी को दीपावली कि बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपों का महापर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश के आशीर्वाद से हर घर […]

You May Like