नयी दिल्ली 15 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली छावनी में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया और उम्मीद जतायी कि युवा कैडट एकता, अखंडता और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र की सेवा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कैडेटों के अनुशासन और प्रस्तुति से प्रभावित होकर उनके आचरण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समन्वित परेड, बैंड प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्र की धड़कन को दर्शाती हैं।
श्रीमती गुप्ता ने साहसी और जिम्मेदार युवाओं के निर्माण के साथ-साथ उनमें राष्ट्रवाद, एकता और संवैधानिक प्रतिबद्धता के आजीवन मूल्यों को विकसित करने में एनसीसी की भूमिका की भी सराहना की। एनसीसी के समग्र प्रशिक्षण ढांचे पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविर और ‘विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर’ जैसी राष्ट्रीय एकीकरण पहलों के महत्व पर चर्चा की।
श्रीमती गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विजन पर भरोसा जताया किया कि ‘आज के कैडेट कल के नेता हैं’ जो भारत की एकता, अखंडता और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र की सेवा करेंगे। युवाओं से कर्तव्य की दृढ़ भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि स्वतंत्रता जिम्मेदारी के साथ आती है और एक विकसित भारत का निर्माण एक साझा मिशन है। उन्होंने राष्ट्र के गौरव और भारत माता की सेवा की भावना को बनाए रखने के आह्वान के साथ अपनी बात समाप्त की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेटों द्वारा प्रस्तुत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया। इसके बाद केरल के थोडुपुझा स्थित न्यूमैन कॉलेज के कैडेटों द्वारा एक शानदार बैंड प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया।
