हार्दिक पांड्या के KKR जाने की अटकलें तेज

नयी दिल्ली, आईपीएल से पहले हार्दिक पांड्या के कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है, जिसकी मुख्य वजह वरुण चक्रवर्ती का हालिया वर्कआउट वीडियो बना है।

आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भारतीय ऑलराउंडर अगले सीजन में किस टीम की जर्सी पहनेंगे, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हार्दिक के ट्रेड को लेकर नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है। केकेआर के एक वीडियो में हार्दिक पांड्या नजर आए, जिसके बाद फैंस उनके कोलकाता आने के कयास लगाने लगे हैं।

IPL की कई टीमें दिखा रहीं है दिलचस्पी
हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि आईपीएल की कई फ्रेंचाइजियां हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं। इस रेस में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।

इसके अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स का नाम भी हार्दिक के संभावित ट्रेड से जोड़ा जा चुका है। हालांकि, अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी या हार्दिक की ओर से ट्रेड को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

KKR के पोस्ट ने पलटा मामला
इसी बीच केकेआर की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का वर्कआउट वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वरुण चक्रवर्ती एक्सरसाइज करते नजर आ रहे थे।

इसी दौरान बैकग्राउंड में हार्दिक पांड्या भी दिखाई दिए। हार्दिक ने वरुण के साथ मस्ती करने की कोशिश की और उनका यह छोटा सा अपीयरेंस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

क्या KKR दे रहा है हिंट?
हार्दिक का केकेआर के इस वीडियो में नजर आना फैंस को किसी बड़े संकेत से कम नहीं लगा। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या केकेआर ने हार्दिक के ट्रेड को लेकर कोई हिंट दे दिया है? कुछ फैंस तो ये तक मानने लगे कि हार्दिक अगले सीजन में कोलकाता की टीम का हिस्सा हो सकते हैं।

क्या KKR की कमान संभालेंगे हार्दिक?
इस चर्चा को इसलिए भी हवा मिल रही है क्योंकि केकेआर के पास फिलहाल कप्तानी को लेकर बड़ा सवाल है। अजिंक्य रहाणे के क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद टीम के सामने नए कप्तान की तलाश की चुनौती है। ऐसे में हार्दिक पांड्या का नाम सामने आने से फैंस ने उन्हें सीधे केकेआर की कप्तानी से जोड़ना शुरू कर दिया है।

सस्पेंस अभी भी जारी है
IPL 2027 से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है। फिलहाल केकेआर का ये वीडियो सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा का कारण जरूर बन गया है।

क्या ये सिर्फ एक संयोग था या फिर हार्दिक के कोलकाता आने का कोई संकेत? इसका जवाब ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा के बाद ही मिलेगा। तब तक हार्दिक के अगले आईपीएल ठिकाने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

Next Post

आज से टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए मैच शेड्यूल, दोनों टीमों की Playing XI और लाइव स्ट्रीमिंग

Thu Aug 13 , 2026
डार्विन, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में पहला टेस्ट मैच शुरू हो गया है। जानें दोनों टीमों की प्लेइंग-11, मैच शेड्यूल और लाइव प्रसारण और पिच रिपोर्ट। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच बहुप्रतीक्षित पहला टेस्ट मैच आज ऑस्ट्रेलिया के डार्विन में स्थित मरारा क्रिकेट ग्राउंड (TIO स्टेडियम) में शुरू […]

You May Like