
सिंगरौली/देवसर। जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत हर्रा चंदेल में सिंचाई नहर को क्षतिग्रस्त कर सड़क निर्माण कराए जाने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल संसाधन विभाग की शिकायत के बाद तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बिना सक्षम अनुमति के नहर को काटकर सड़क निर्माण कराया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। जल संसाधन विभाग के एसडीओ ने इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की थी। प्रारंभिक जांच के बाद अब संबंधित दस्तावेजों और निर्माण कार्य की वैधानिकता की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध राजस्व विभाग के साथ जियावन थाना पुलिस भी नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
सूत्रों के अनुसार सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन को भी जब्त किए जाने की तैयारी की जा रही है। मामले में प्रशासन की सक्रियता से पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप मचा हुआ है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नहर को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट और प्रशासन के अगले कदम पर सभी की नजर टिकी हुई है।
