
इंदौर. दीपावली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है. पुलिस ने केवल अधिकृत विक्रेताओं से वैध और प्रमाणित पटाखे खरीदने तथा प्रतिबंधित और अमानक आतिशबाजी से दूर रहने की सलाह दी है.
पुलिस ने कहा है कि पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों और ध्वनि सीमा का पालन करें. गैस सिलेंडर, ज्वलनशील पदार्थों और बिजली के उपकरणों के पास आतिशबाजी न करें. पटाखे हाथ में पकड़कर या सार्वजनिक रास्तों पर न जलाएं. बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें. साथ ही पर्यावरण और आसपास के लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारी से त्योहार मनाएं. पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना रोक सकती है.
