नयी दिल्ली 20 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र की कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को राज्यों के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिये हैं1
श्री चौहान ने सोमवार को देश में कृषि व्यवस्था की स्थिति पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में रबी की बुआई की प्रगति, मौसम की स्थिति, राष्ट्रीय कीट सर्वेक्षण प्रणाली के माध्यम से कीट सर्वेक्षण, कृषि उत्पादों के आयात और निर्यात सहित विपणन से संबंधित कई मुद्दे पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर राज्य सरकारों के साथ लगातार जुड़े रहें, क्योंकि जमीनी स्तर पर मुद्दों का निपटान करने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों की भागीदारी की आवश्यकता होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समग्र फसल रकबा और फसल की स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर है। रबी टमाटर, प्याज और आलू की बुआई चल रही है।
