तीन हफ्ते बाद MP में मानसून की दमदार वापसी, भोपाल समेत 30 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश

भोपाल: करीब तीन हफ्तों के लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में सोमवार रात से बारिश का दौर शुरू हो गया। भोपाल में 13 दिन बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। भानपुर, सबरी नगर, कल्याण नगर, शिव नगर, नवजीवन नगर, छोला और दशहरा मैदान सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए नगर निगम की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे ज्यादा 4.1 इंच बारिश राजगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा रायसेन में 2.5 इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर और सागर में 1.5-1.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, शाजापुर, रीवा, सतना, छिंदवाड़ा, बैतूल, देवास, उज्जैन और कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण मानसून फिर सक्रिय हो गया है। अगले 24 से 48 घंटे तक भोपाल, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, विंध्य और महाकोशल के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। लोगों से मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बारिश के बीच मंडला में बड़ा हादसा टल गया, जहां उफनाए नाले में बाइक सवार दो युवक बह गए। एक युवक ने पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई, जबकि दूसरा बाइक सहित बह गया था और बाद में सुरक्षित मिल गया। वहीं रतलाम, इटारसी, शाजापुर, श्योपुर और झाबुआ में भी अच्छी बारिश से मौसम सुहावना हो गया और सूख रही खरीफ फसलों को नई उम्मीद मिली। लंबे इंतजार के बाद हुई इस बारिश से किसानों के चेहरों पर राहत दिखाई दे रही है।

Next Post

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बालिका गृह और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

Tue Jul 21 , 2026
ग्वालियर: कलेक्टर रुचिका चौहान ने जयारोग्य अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर और बालिका गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला हेल्पलाइन-181 के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने पर जोर दिया। साथ […]

You May Like