सीहोर। घरेलू रसोई के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल करने वालों पर खाद्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. विभाग की टीम ने होटलों और भोजनालयों सहित 10 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए. कार्रवाई से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया. तहसीलदार अमित सिंह एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश चंदेल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. कई भोजनालयों और होटलों में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होता पाया गया. कार्रवाई करते हुए 10 प्रतिष्ठानों से कुल 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए. खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है. ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. चंदेल ने बताया कि विभाग द्वारा होटल, भोजनालयों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
