हनुमान मंदिर में चोरी : 19 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़े 3 बदमाश

शाजापुर। मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम जावदी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पुलिस ने 4 लाख से अधिक का माल भी बरामद किया है. वाहन खराब होने से पुलिस आरोपियों को पैदल थाने लेकर पहुंची और रास्ते में आरोपी कहते रहे कि पुलिस हमारी बाप है, चोरी करना पाप है.

जिले ग्राम जावदी स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात बदमाशों ने दानपेटी सहित प्रतिमाओं पर चढ़े आभूषण चुरा लिए थे. जिसकी सूचना मिलने पर मंदिर समिति सहित ग्रामीणों ने मोहन बड़ोदिया पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की भी मांग की थी. वहीं हाल ही में ग्रामीणों ने धरना देकर भी इस मामले के खुलासे की मांग की थी और पुलिस ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे. जिसके चलते पुलिस द्वारा लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे. आखिरकार 9 फरवरी को पुलिस को सफलता मिली और चोरी करने वाले दो बदमाशों सहित बेचने के लिए आभूषण रखने वाले एक और युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे मंदिर से चोरी गई नगदी, आभूषण व एक बाइक जब्त की है. पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

 

वाहन चैकिंग में धराए बदमाश…

 

मोहन बड़ोदिया पुलिस के अनुसार 8 फरवरी को सारंगपुर रोड स्थित कुम्हारिया गेट के पास पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान दो संदिग्ध युवक तेज गति से बाइक पर आते दिखाई दिए. शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा. पूछताछ में उनकी पहचान भूपेंद्र सिंह देवड़ा निवासी सतगांव जिला शाजापुर और जितेंद्र उर्फ तांतिया चौहान निवासी चांदनगांव जिला आगर-मालवा के रूप में हुई. पूछताछ में दोनों ने वारदात करना कबूल किया. पुलिस को इनकी तलाशी लेने पर इनके पास से अवैध धारदार चाकू बरामद होने पर आम्र्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए. बदमाशों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए चांदी के आभूषण बेचने के लिए उन्होंने प्रशांत उर्फ गब्बर परिहार निवासी आगर-मालवा को दिए थे. जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया करीब 4 लाख 20 हजार रुपए का माल बरामद भी कर लिया है. वहीं पुलिस ने प्रशांत को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार पकड़ाए इन आरोपियों के विरुद्ध शाजापुर ही नहीं बल्कि आगर-मालवा और देवास जिलों में पहले से ही दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.

Next Post

ओंकारेश्वर के साथ शिवालयो में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

Mon Feb 9 , 2026
खंडवा। महाशिवरात्रि पर एक रात, एक आस्था और भोलेनाथ से जुडऩे का अवसर 15 फरवरी को यह पर्व खंडवा में सिर्फ पूजा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के चार ऐतिहासिक रामेश्वरकुंड, भीमकुंड, पदमकुंड, सूरजकुंड शिवभक्ति के महासंगम में तब्दील हो जाएंगे। सुबह से देर रात तक हर-हर महादेव ओम […]

You May Like