
भोपाल। दिलीप बिल्डकॉन ग्रुप के भोपाल में दो ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई को पूरा करते हुए दस्तावेज जब्त किए है. अमृतसर से आई टीम ने ग्रुप के लोगों से पूछताछ करते हुए चूनाभट्टी सहित दफ्फतर में मौजूद कागजातों को खंगाला. जानकारी सामने आई है कि टीम ने इस दौरान कंपनी के अकाउंट रजिस्टर के साथ अन्य कागजात को अपने पास रखा है.
दिलीप बिल्डकॉन ग्रुप के भोपाल में दो ठिकानों के साथ ही इंदौर में भी आईटी ने कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स चोरी के मामले को लेकर की गई है. आईटी की टीम ने कंपनी के दफ्तर में लंबी कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग में भारी मैनिपुलेशन की जानकारी जुटाई है, जिसका एनालिसिस भी आईटी अधिकारी अभी कर रहे हैं. कंपनी के जब्त दस्तावेजों से टैक्स चोरी का फाइनल वैल्यूएशन भी अभी किया जाएगा.
दिलीप बिल्डकॉन ग्रुप की तरफ से आईटी की कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. बता दें कि इस कंपनी के पास केरल, गुरुग्राम, मध्य प्रदेश के अलावा अन्य नगरों से हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट हैं. इन प्रोजेक्टों पर कार्य भी संचालित हैं. बीते सोमवार को कार्रवाई शुरू करने को लेकर इनकम टैक्स की टीम ने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों और थानों की पुलिस से भी कोई जानकारी साझा नहीं की. टीम ने एमपी एसएफ की मदद से कार्रवाई को आगे बढ़ाया. आईटी के अधिकारियों ने इस दौरान कंपनी के वित्तीय दस्तावेज, आय-व्यय का ब्यौरा, अचल संपत्तियों के कागजात और ई-रिकॉर्डस की गहन जांच की.
