सीहोर। नगर के चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वाधान में जारी सात दिवसीय भागवत कथा के अंतिम दिवस समिति के तत्वाधान में सर्व जाति सामूहिक विवाह उत्सव मनाया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में कन्याओं विवाह पूर्ण विधि-विधान से किया गया.
भागवत कथा के अंतिम दिवस जगद्गुरु पं. अजय पुरोहित ने उद्धव और गोपियों के प्रेम और ज्ञान के संवाद का वर्णन करते हुए कहा कि ज्ञानी उद्धव ब्रज की गोपियों का प्रेम देखकर सुध-बुध भूल गए. गोपियों के प्रेम के आगे उद्धव का ज्ञान हार गया.
मंगलवार को उन्होंने भगवान कृष्ण और उद्धव के सुंदर प्रसंग का वर्णन किया. इसे सुनकर सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए. उन्होंने कहा कि एक समय भगवान श्री कृष्ण उदास बैठे थे, तभी उनके मित्र व परम भक्त उद्धव जी उनके पास आए और उनसे पूछा कि हे वासुदेव ऐसी कौन सी बात है, जिससे आप उदास हैं. तब श्री कृष्ण ने कहा कि हमें गोपियों की याद सता रही है. आप गोकुल जाओ और गोपियों को समझाओ कि कृष्ण जल्द गोकुल लौटेंगे. जब उद्धव ने गोपियों से श्रीकृष्ण प्रेम मोह छोडऩे की बात कही तो गोपियों ने कहा कि जिसे प्रेम का ज्ञान नहीं, वह ज्ञानी नहीं हो सकता. गोपियों का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अगाध प्रेम देख उद्धव का अभिमान चूर चूर हो गया.
शहर के छावनी स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोहर राय ने बताया कि सात दिवसीय भागवत कथा के अंतिम दिवस सभी के सहयोग से भव्य रूप से अनेक कन्याओं का एक साथ निशुल्क सामूहिक विवाह पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस मौके पर बड़ी सं या में क्षेत्रवासियों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और कथा के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया.
