जबलपुर: कृषि विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कटंगी बायपास स्थित किसान समृद्धि केंद्र और रेवा बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पंकज शर्मा एवं कृषि विस्तार अधिकारी जी पी मांझी द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के बिना कीटनाशक बेचने जैसी गंभीर अनियमितताएँ पाये जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये और तीन दिन के भीतर इसका जबाब उपसंचालक कृषि को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये।
इसके अलावा इन कृषि अधिकारियों ने मीनाक्षी ट्रेडर्स, रूपक फर्टिलाइजर, सुहाने एग्रो एवं टाटा रैलीस से कीटनाशक, बीज और उर्वरक के नमूने भी लिये। नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जायेगा तथा गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाये जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।
